फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चोरी की कार से चुराते थे लग्जरी वाहन, अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
क्रेटा, तमंचा-कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट बरामद; फॉर्च्यूनर व एल्कजार चोरी का भी खुलासा

गाजियाबाद। चार पहिया वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। टीम ने लिंक रोड थाना क्षेत्र से इमरान को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दिल्ली से चोरी की गई क्रेटा कार, फर्जी नंबर प्लेट और अवैध तमंचा-कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा से लग्जरी कारें चोरी कर उन्हें पंजाब में खपाता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने साथियों के साथ डिमांड के अनुसार महंगी कारों को निशाना बनाते थे। चोरी की गाड़ियों को पंजाब निवासी रंजीत के माध्यम से बेचकर मुनाफा आपस में बांटा जाता था। गिरोह का सरगना फरमान उर्फ नागिन बताया गया है। उसके साथ साहबजादा और पंजाब निवासी रंजीत भी गिरोह में शामिल हैं।
चोरी की क्रेटा से करते थे दूसरी कारों की चोरी
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह चोरी की गई क्रेटा पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसी वाहन से दूसरी महंगी कारों की रेकी और चोरी करने जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के दौरान विरोध या पकड़े जाने की स्थिति से निपटने के लिए तमंचा भी साथ रखते थे।
फॉर्च्यूनर और एल्कजार चोरी का खुलासा
इमरान ने पूछताछ में सितंबर में लिंक रोड थाना क्षेत्र के सूर्यनगर से फॉर्च्यूनर लीजेंडर चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक वारदात में फरमान उर्फ नागिन और साहबजादा भी शामिल थे। चोरी की फॉर्च्यूनर फरमान के पास बताई जा रही है।
इसके अलावा अगस्त में मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के स्वर्णजयंतीपुरम से एल्कजार कार चोरी करने का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी कार को कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गए थे, जिसे बाद में लावारिस हालत में बरामद कर लिया गया था।
क्राइम ब्रांच अब गिरोह के फरार सरगना फरमान उर्फ नागिन, साहबजादा और रंजीत की तलाश में दबिश दे रही है। साथ ही गिरोह द्वारा चोरी की गई अन्य लग्जरी कारों की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।



