महिला सुरक्षा पर लगी चौपाल

मिशन शक्ति अभियान में महिला-बालिकाओं को साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय,

जसवंतनगर,इटावा। मिशन शक्ति अभियान के तहत शुक्रवार शाम करीब पांच बजे क्षेत्र के गांव कटेखेड़ा में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता को लेकर चौपाल आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में हुई चौपाल में क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह और थानाध्यक्ष कमल भाटी मौजूद रहे।

मिशन शक्ति टीम (एमएसके) प्रभारी शुभम वर्मा के नेतृत्व में महिला आरक्षी सुरेखा विनीता, संगम और शिवानी ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों और साइबर अपराध से बचाव के संबंध में जागरूक किया।

पुलिस टीम ने महिलाओं को बताया कि अनजान लोगों के साथ अपनी निजी जानकारी, ओटीपी,बैंक खाते से संबंधित विवरण,पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी तरह के साइबर अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की गई।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

चौपाल में महिलाओं और बालिकाओं को आपातकालीन सहायता के लिए 112,महिला हेल्पलाइन 181,चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस सेवा 108 व 102, साइबर हेल्पलाइन 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी गई। पुलिस ने कहा कि उत्पीड़न, छेड़छाड़, साइबर ठगी अथवा किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति में बिना संकोच तत्काल सहायता ली जाए।

पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और बालिकाएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button