1 सितंबर से बारिश का असर बढ़ा, यूपी समेत इन राज्यों में रेड अलर्ट जारी
हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में मूसलधार बारिश से बढ़ी मुश्किलें

पूरे हिंदुस्तान में बरसात का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है और 1 सितंबर से कई राज्यों में भारी बारिश ने लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। यूपी, बिहार , मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में मूसलधार बारिश का सिलसिला जारी है जिसके चलते नदियां उफान पर हैं और कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
यूपी में मूसलधार बारिश से 44 जिलों में रेड अलर्ट
उप्र में 1 सितंबर से तेज बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने मथुरा, आगरा, अलीगढ़, मेरठ, झांसी और कई अन्य जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है जिससे बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो सकते हैं। राज्य के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। विशेष रूप से 44 जिलों में अधिक बारिश की उम्मीद है और इस दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार के अनुसार सितंबर महीने में राज्य में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है।
ये भी पढ़ें- IMD Alert: अगले 24 घंटे उत्तराखंड के लिए बहुत खतरनाक, इन 7 जिलों के लिए चेतावनी जारी
बिहार में भी चेतावनी जारी
बिहार में भी 1 सितंबर से लगातार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दरभंगा, किशनगंज, मधुबनी और अन्य जिलों में मूसलधार बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति बन सकती है। कुछ इलाकों में जलभराव से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं दक्षिण बिहार में भी भारी बारिश की आशंका है और मौसम विभाग ने यहां के निवासियों को अलर्ट किया है।
मध्य प्रदेश में भी बढ़ी चिंता
मध्य प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला जारी है। सिहोर, देवास, बुरहानपुर और खरगोन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में मूसलधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने की संभावना जताई है। लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और सतर्क रहने को कहा गया है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश का हाल बुरा
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश का कहर जारी है। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में बादल फटने से तीन लोगों की मौत हो गई वही दो अन्य लापता हो गए। मौसम महकमे ने कांगड़ा मंडी और सिरमौर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा हिमाचल के शिमला कुल्लू और चंबा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में भी 1 सितंबर से मूसलधार बारिश की चेतावनी दी गई है जिससे देहरादून चमोली और नैनीताल जैसे जिलों में परेशानियाँ बढ़ सकती हैं।



