राम के बाण से धराशायी हुआ रावण: जयश्री राम से गूंजा प्रांगण

167वीं ऐतिहासिक रामलीला में हजारों लोगों ने देखा रावण वध का रोमांचक दृश्य,पुतला गिरते ही अस्थियां लेने उमड़ी भीड़

जसवंतनगर,इटावा। यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल जसवंतनगर की विश्वविख्यात 167वीं रामलीला में बुधवार को एक बार फिर अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश गूंज उठा। पंचक लग्न के बीच रामलीला मैदान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया। रावण का पुतला धराशायी होते ही श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ उसकी ओर उमड़ पड़ी। लोगों ने बांस से बने पुतले के अस्थि-पंजर के टुकड़े प्रसाद और शुभता की मान्यता के साथ अपने साथ ले लिए।

जसवंतनगर की रामलीला की सबसे खास परंपरा यह है कि यहां रावण के पुतले का दहन नहीं किया जाता। रावण के पुतले के गिरते ही लोग उसकी आरती उतारते हैं और प्रतीकात्मक रूप से उसकी अस्थियां अपने घर ले जाते हैं।

दोपहर में निकला रावण का लवाजमा

बुधवार दोपहर करीब एक बजे रावण अपने दल-बल के साथ नगर की सड़कों पर निकला। बड़ा चौराहा और छोटा चौराहा होते हुए रावण का दल केला त्रिगमा देवी मंदिर पहुंचा। यहां विजय की कामना से हवन-पूजन किया गया। इसके बाद जैन बाजार चौराहे पर पहुंचने पर लोगों ने रावण की आरती उतारी और माला पहनाकर स्वागत किया।
इसके बाद रावण दल कटरा पुख्ता स्थित भगवान नरसिंह मंदिर पहुंचा। यहीं से रामदल और रावण दल के बीच युद्ध का मंचन शुरू हुआ। नगर की सड़कों पर हजारों दर्शकों की मौजूदगी में कई घंटे तक चले युद्ध ने लोगों को बांधे रखा।

राक्षस दल ने कराया दंड-बैठक,कोड़ों का रोमांच

युद्ध के दौरान रावण दल ने अपनी राक्षसी प्रवृत्तियों का प्रदर्शन किया। परंपरा के अनुसार राक्षसों ने दर्शकों से मजाकिया अंदाज में दंड-बैठकें लगवाईं और कपड़े के बने कोड़े बरसाकर रामलीला के युद्ध को जीवंत कर दिया। करीब चार घंटे तक नगर की सड़कों पर चले इस युद्ध प्रदर्शन के बाद राम और रावण दल अपने-अपने वाहनों से रामलीला मैदान पहुंचे।

अहिरावण वध के बाद रणभूमि में उतरा रावण

रात्रि में रामलीला मैदान में अहिरावण प्रसंग का मंचन हुआ। अहिरावण विभीषण का वेश धारण कर राम और लक्ष्मण का हरण कर पाताल लोक ले जाता है। इसके बाद हनुमान पाताल लोक पहुंचते हैं और अहिरावण का वध कर श्रीराम और लक्ष्मण को सुरक्षित वापस ले आते हैं।

अहिरावण वध के बाद रावण और श्रीराम के बीच अंतिम युद्ध का प्रसंग शुरू हुआ। रावण के बार-बार सिर कटने के बाद भी उसका अंत नहीं हो रहा था। तब विभीषण ने श्रीराम को रावण की नाभि में स्थित अमृत-कुंड का रहस्य बताया।

रामचरितमानस के लंकाकांड में तुलसीदास लिखते हैं-“नाभिकुंड पियूष बस याकें। नाथ जिअत रावनु बल ताकें॥”

अर्थात रावण की नाभि में अमृत का वास है और उसी के बल पर वह जीवित है।

31 बाणों से हुआ दशानन का अंत

विभीषण से रहस्य जानकर श्रीराम ने अपना धनुष उठाया।“खैंचि सरासन श्रवन लगि छाड़े सर एकतीस।

रघुनायक सायक चले मानहुँ काल फनीस॥”

इसके बाद एक बाण ने रावण की नाभि के अमृत को सोख लिया और अन्य बाण उसके सिरों और भुजाओं को भेदते चले गए। तुलसीदास ने रावण के अंतिम क्षण का वर्णन करते हुए लिखा है-“सायक एक नाभि सर सोषा। अपर लगे भुज सिर करि रोषा॥

लै सिर बाहु चले नाराचा।

सिर भुज हीन रुंड महि नाचा॥”

इसके साथ ही रावण का विशाल शरीर रणभूमि में धराशायी हो गया और चारों ओर जय श्रीराम के जयघोष गूंज उठे।

पुतला गिरते ही अस्थियां लेने उमड़ी भीड़

राम के अंतिम बाण के साथ ही रावण का पुतला भी धरती पर गिर पड़ा। पुतला गिरते ही सैकड़ों लोग उसकी ओर दौड़ पड़े। लोगों ने बांस से बने पुतले के अस्थि-पंजर के टुकड़े अपने साथ ले लिए। स्थानीय मान्यता के अनुसार रावण की ये प्रतीकात्मक अस्थियां व्यापारियों,जुआरियों और सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों के लिए शुभ मानी जाती हैं।
इसी अनूठी परंपरा के साथ नगर की ऐतिहासिक रामलीला का युद्ध प्रदर्शन संपन्न हुआ। हजारों दर्शक धर्म की अधर्म पर विजय और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्श का संदेश लेकर लौटे।

Related Articles

Back to top button