निक्स फाउंडेशन ने बड़े मंगल पर किया सुंदरकाण्ड पाठ व विशाल भण्डारे का आयोजन

रायबरेली। निक्स फाउंडेशन के तत्वावधान में ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगलवार के शुभ अवसर पर एक भव्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्री बालाजी महाराज की असीम कृपा से चंदापुर कोठी मंदिर के समीप, पैंटालून्स शोरूम के सामने स्थित हरिकृपा कॉम्प्लेक्स में सुंदरकाण्ड पाठ एवं विशाल भण्डारे का आयोजन संपन्न हुआ।

दोपहर 12 बजे से शुरू हुए इस पावन कार्यक्रम में राम भक्तों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम का शुभारंभ रामचरितमानस के सुंदरकाण्ड के सामूहिक पाठ से हुआ। भक्तों ने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ हनुमान जी की लीलाओं का गान किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर हो गया।

सुंदरकाण्ड पाठ के समापन के उपरांत विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया। इस दौरान विष्णु गुप्ता, सचिन, सी ए मधुकर गुप्ता, आलोक यादव, सी ए अभिजीत चौधरी, विशाल जायसवाल, गौरव, योगेंद्र सिंह, त्रिलोचन मिश्रा, अंशू गुप्ता, निमिष गुप्ता, हरिओम, राम अचल, के. सी. सोनकर, राम विलास, विनीत और विमलेश सहित फाउंडेशन के अन्य सदस्यों ने सक्रिय रूप से अपनी सेवाएँ दीं।

भण्डारे में भक्तों को छोले- चावल, मीठी बूंदी शरबत और ठंढा पानी सहित विभिन्न व्यंजनों का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों ने स्वयं उपस्थित रहकर प्रत्येक भक्त को ससम्मान प्रसाद ग्रहण कराया।

निक्स फाउंडेशन के सदस्यों ने इस आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य भगवान श्री राम और हनुमान जी की भक्ति को जन-जन तक पहुँचाना है। इसके साथ ही, समाज में आपसी सद्भाव को मजबूत करना और जरूरतमंदों तक सेवा पहुँचाना फाउंडेशन की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में आए भक्तों ने अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि बड़े मंगल के दिन सुंदरकाण्ड का श्रवण और प्रसाद ग्रहण करने से मानसिक शांति और मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने के लिए फाउंडेशन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसकी सभी ने सराहना की।

Related Articles

Back to top button