कुत्तों के हमला से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत, सूचना पर समय नहीं पहुंचा वन विभाग

जसवंतनगर, इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला तौर में राष्ट्रीय पक्षी मोर पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने घायल मोर को कुत्तों के चंगुल से बचाकर वन विभाग और 112 पुलिस को सूचना दी,लेकिन समय पर उपचार नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने घायल मोर को बचाने के बाद तत्काल वन विभाग और डायल 112 को सूचना दी। कुछ देर बाद 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई, जबकि ग्रामीणों का आरोप है कि जिस नंबर पर वन विभाग को सूचना दी गई, उस पर किसी ने फोन तक नहीं उठाया। उनका कहना है कि करीब दो घंटे बाद पुलिस की सूचना पर वन विभाग का वन रक्षक मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक घायल मोर इलाज के अभाव में दम तोड़ चुका था।

ग्रामीणों का आरोप है कि यदि वन विभाग की टीम समय पर पहुंच जाती तो घायल राष्ट्रीय पक्षी का उपचार कर उसकी जान बचाई जा सकती थी। बाद में वन रक्षक मृत मोर को बोरे में रखकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।

Related Articles

Back to top button