जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक सम्पन्न, 4 मई को यूथ कांग्रेस यात्रा के स्वागत की तैयारी तेज

गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक 3 मई 2026 को सेंट्रल मार्केट, पुराना बस अड्डा स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन कोषाध्यक्ष अश्वनी त्यागी ने किया।
बैठक में मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष प्रदीप कसल, पूर्व सचिव पंकज तेजानियां, पूर्व पार्षद सुनील चौधरी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का प्रमुख एजेंडा संगठन की मजबूती, जन समस्याओं के समाधान और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति रहा।
इस दौरान जानकारी दी गई कि 4 मई 2026 को बागपत से शुरू हो रही यूथ कांग्रेस किसान नौजवान यात्रा का गाजियाबाद में नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क पर शाम करीब 4 बजे भव्य स्वागत किया जाएगा। सभी कार्यकर्ताओं से इसमें अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में आ रही समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाएगा। सभी विधानसभा व ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं के निस्तारण में सहयोग करें। साथ ही प्रत्येक विधानसभा में कांग्रेस की ओर से हेल्प डेस्क स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए साप्ताहिक बैठकों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वे स्वयं भी शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएंगे।
बैठक में महिला जिला अध्यक्ष डोली त्यागी, मीडिया प्रभारी आशुतोष गुप्ता, एससी/एसटी जिला अध्यक्ष अरविंद गौतम, विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष मनोज राय समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर 2027 में संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।



