कबाड़ की दुकान में भीषण आग:20 लाख का नुकसान
फायरब्रिगेड पर पाया काबू टला बड़ा हादसा

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम भावलपुर के सामने आगरा-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित एक कबाड़ की दुकान में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा करीब 20 लाख रुपये मूल्य का कबाड़ और अन्य सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के मकानों और दुकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया।
थानाध्यक्ष कमल भाटी के अनुसार एक मैरिज होम के समीप सूरज सिंह बघेल की कबाड़ की दुकान है। गुरुवार सुबह करीब तीन बजे अज्ञात कारणों से दुकान में अचानक आग लग गई। उस समय दुकान बंद थी। आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और रात्री में गश्त कर रहे कांस्टेबल सनोज कुमार और सुशील कुमार ने तत्काल फायर ब्रिगेड व प्रशासन को सूचना दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुकान में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, रबर, तार, पुराने वाहन, के साथ चालू हालत में एक कार, ऑटो तथा अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। इसी कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के मकानों, दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों तक आग पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।
आग की घटना में दुकान में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन एवं संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही।



