रोजगार मेले में 71 युवाओं का चयन, 4 कंपनियों ने लिया साक्षात्कार

मऊ। जिला सेवायोजन कार्यालय सहादतपुरा, मऊ में मंगलवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कुल 04 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग करते हुए स्थानीय युवाओं को रोजगार का अवसर प्रदान किया।
रोजगार मेले में कुल 147 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। सभी अभ्यर्थियों का साक्षात्कार संबंधित कंपनियों द्वारा मौके पर ही लिया गया। जिसमें से 71 युवाओं का चयन किया गया।
चयनित अभ्यर्थियों में विजन इंडिया एवं सुब्रोस लिमिटेड द्वारा 32 अभ्यर्थी, गतिमान एग्रोफारेस्ट्री प्रा. लि. द्वारा 15 अभ्यर्थी, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस द्वारा 06 अभ्यर्थी तथा एलएंडटी कंपनी द्वारा 18 अभ्यर्थियों को नौकरी के लिए चुना गया।
रोजगार मेले का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को योग्यतानुसार कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें बेहतर अवसरों से जोड़ना है। मेले में शामिल कंपनी प्रतिनिधियों ने युवाओं की योग्यता, कौशल और साक्षात्कार के आधार पर चयन किया।
रोजगार मेले के सफल संचालन में जिला सेवायोजन अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित कार्यालय के सभी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस दौरान अभ्यर्थियों को भविष्य में रोजगार की योजनाओं और अवसरों की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता रहेगा ताकि अधिक से अधिक युवाओं को निजी सेक्टर में रोजगार के अवसर मिल सकें।
रोजगार के अवसर मिलने पर चयनित अभ्यर्थियों के चेहरों पर उत्साह व खुशी देखी गई। साथ ही अन्य युवाओं ने भी भविष्य में ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का संकल्प लिया।



