दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत; कई इलाकों में जलभराव और जाम

गाजियाबाद/नोएडा/फरीदाबाद। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली और मौसम सुहाना हो गया।

सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। इसके बाद कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं। दिल्ली में तेज बारिश के दौरान करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की सूचना रही, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

गाजियाबाद और नोएडा में भी कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। नोएडा में काले बादल छाए रहने के साथ तेज धूल भरी हवाएं चलीं और इसके बाद बारिश शुरू हो गई। फरीदाबाद में भी बारिश ने पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी झेल रहे लोगों को राहत पहुंचाई।

वहीं गुरुग्राम में सुबह करीब 10 बजे से रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने के कारण वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश के बीच सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं। ऑफिस जाने वाले लोगों और दैनिक यात्रियों को ट्रैफिक जाम के कारण अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई। मौसम में बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं जलभराव और यातायात की समस्या ने परेशानी बढ़ा दी।

Related Articles

Back to top button