सांड के हमले में घायल फल विक्रेता की मौत

भरथना,इटावा। भरथना थाना क्षेत्र के मंडी तिराहे पर पिछले कई वर्षों से फल का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे 55 वर्षीय प्रेम बाबू उर्फ राजू की सांड के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।

बुधवार सुबह जैसे ही उनका शव भरथना स्थित आवास पर पहुंचा, पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों के मुताबिक 18 फरवरी की दोपहर करीब दो बजे प्रेम बाबू गिरधारीपुरा स्थित मंडी तिराहे पर रोज की तरह फल का ठेला लगाए हुए थे। अचानक वहां घूम रहे एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया।

सांड ने उन्हें कई बार टक्कर मारी, जिससे वह बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह सांड को वहां से भगाया और गंभीर हालत में प्रेम बाबू को तुरंत इटावा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए कानपुर के एक बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। कानपुर के अस्पताल में कई दिनों तक उनका इलाज चलता रहा, लेकिन आठवें दिन हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बुधवार सुबह जब एंबुलेंस से शव उनके घर पहुंचा तो पत्नी ममता बड़ी बेटी संध्या का रो-रोकर बुरा हाल हो गया सभी परिजन शव से लिपटकर बिलखते रहे ।

आसपास के लोग और रिश्तेदार बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और परिवार को ढांढस बंधाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक अपने पीछे पत्नी ममता, चार पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गए हैं। बड़े पुत्र कृष्णा (28 वर्ष) कन्नौज में फल का व्यापार करते हैं। गोपी (25 वर्ष) और सल्लू (22 वर्ष) बाहर मजदूरी कर परिवार का सहयोग करते हैं। सबसे छोटे पुत्र बल्लू (19 वर्ष) फल का ठेला लगाते है।

बड़ी पुत्री संध्या (32 वर्ष) की चार वर्ष पूर्व शादी हो चुकी है, जबकि छोटी पुत्री पल्लवी (17 वर्ष) बुधवार को कक्षा 10 की परीक्षा देने गई थी, लेकिन घर में पसरे मातम ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए पूर्व मंत्री विनोद यादव कक्का, पूर्व विधायक शिव प्रसाद यादव, नगर पालिका अध्यक्ष पुत्र सार्थक यादव तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमप्रताप सिंह बंटू गौर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाकर आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही।

घटना के बाद क्षेत्र में आवारा सांडों और पशुओं के बढ़ते आतंक को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मंडी तिराहे और आसपास के इलाकों में आए दिन सांड घूमते रहते हैं, जिससे पहले भी कई लोग चोटिल हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को पकड़वाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं न हों।

Related Articles

Back to top button