नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर दाह संस्कार को राजी हुए परिजन

ऊँचाहार, रायबरेली। सोमवार की प्रातः रेलवे ट्रैक पर मिले दलित के शव की घटना से शुरू हुआ नाथीपुर गांव में बवाल का पटाक्षेप लगभग 60 घंटे बाद बुधवार की अपराह्न हो गया। पुलिस ने घटना में नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा का लिखित आश्वासन दिया तो ग्रामीण अंतिम संस्कार को तैयार हो गए । जिसके बाद शव को गंगा तट ले जाया गया ।
ज्ञात हो कि सोमवार की प्रातः क्षेत्र के रामचंद्रपुर रेलवे हाल्ट के पास नाथीपुर गांव निवासी दलित रामगोपाल गौतम का शव रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में मिला था। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। इस मामले में जमकर राजनीति भी हुई। नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण ने फोन पर वार्ता करके सीओ को कार्रवाई के लिए कहा तो मृतक की पत्नी सुशीला की तहरीर पर गांव के प्रधान समेत 6 लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। इस कार्रवाई के बावजूद भी गांव में हंगामा चलता रहा और ग्रामीण शव रखकर प्रदर्शन करते रहे ।
मंगलवार को गांव अपनी जनता पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य भी पहुंचे और उन्होंने पुलिस अधीक्षक तथा अन्य पुलिस अधिकारियों से वार्ता करके मामले में कार्रवाई की मांग की। सपा नेताओं में पंकज रावत, इंजी मान सिंह पटेल, अखिलेश यादव, आकाश मौर्या, बिंदेश्वरी पासी ने भी पीड़ित के लिए न्याय की मांग की थी। इस सारी कवायद के बावजूद ग्रामीणों का धरना जारी रहा और उनकी कई मांगे अधिकारियों के सामने आई ।मामले का हल नहीं हो पाया था। बुधवार को भी सुबह से पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझाने बुझाने में लग रहे ,किंतु उन्हें सफलता अपहरण करीब 3 बजे मिली।
पुलिस ने ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया कि मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है ,शेष चार अभियुक्त की गिरफ्तारी सात दिन के अंदर की जाएगी। यही नहीं पीड़ित परिवार को पुलिस की सुरक्षा भी मुहैया कराई जाएगी ।इसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हो गया और शव के अंतिम संस्कार को राजी हो गए। पुलिस ने आनन फानन आनंद में पूरी व्यवस्था कराई और मृतक के शव को घटना के करीब 60 घंटे बाद क्षेत्र के गोला गंगा घाट ले जाया गया। जहां पर उसका बुधवार की शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया है। घटनास्थल पर पहुंचे सीओ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि ग्रामीणों को समझा बूझकर शांत कर दिया गया है और शव का अंतिम संस्कार कराया जा रहा है।



