हादसा टला: चेहल्लुम जुलूस में मची अफरा तफरी

चेहल्लुम जुलूस के दौरान ओवरलोड ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाके के बाद लगी भीषण आग

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर के मोहल्ला सराय खाम में मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे ओवरलोड के कारण हुए शॉर्ट सर्किट से ट्रांसफार्मर में आग लग गई। देखते ही देखते एलटी और हाईटेंशन केबलें धू-धू कर जलने लगीं और आग ट्रांसफार्मर के तेल तक पहुंच गई। तेज लपटें उठने से मौके पर अफरातफरी मच गई। संयोग से घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर चेहल्लुम का जुलूस गुजर रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।

सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने तत्काल संबंधित ट्रांसफार्मर की आपूर्ति बंद कर दी, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। आग लगने से सराय खाम और कटरा पुख्ता क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।बिजली बंद होने के बाद विभागीय कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में जेई कौशल पांडेय ने फ्यूज सेक्शन में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया।

अवर अभियंता विद्युत ने क्षेत्र वासियों से अपील करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में ट्रांसफार्मरों,बिजली के पोल और विजली लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। यदि कहीं टूटी हुई बिजली लाइन या क्षतिग्रस्त पोल दिखाई दे तो उसके पास न जाएं और तत्काल विभाग के हेल्पलाइन नम्बर पर सूचना दें।

Related Articles

Back to top button