आईटीआई के रोजगार मेले में 220 युवाओं का चयन

मऊ। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सहादतपुरा में गुरुवार को रोजगार मेले (ऑन-कैंपस प्लेसमेंट) का आयोजन किया गया। मेले में मारुति सुजुकी मोटर्स (विजन इंडिया), अहमदाबाद (गुजरात) की टीम ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ भाजपा नेत्री ज्योति सिंह ने किया।

प्रधानाचार्य अरुण यादव ने बताया कि रोजगार मेले में कुल 518 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। कंपनी के एचआर सुमीत जाला ने साक्षात्कार के बाद 220 अभ्यर्थियों का चयन किया। चयनित युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने पर संस्थान की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप आईटीआई में प्रत्येक माह रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को निजी कंपनियों में रोजगार मिल सके। उन्होंने युवाओं से ऐसे रोजगार मेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

रोजगार प्रभारी योगेंद्र यादव ने कहा कि “सपने आपके, प्रयास हमारा; रोजगार से जोड़ने का संकल्प हमारा” अभियान के तहत हर महीने रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी संस्थान से संपर्क कर आगामी रोजगार मेलों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

इस अवसर पर राजीव सिंह, कुंदन सिंह, पुनीत सिंह, कुलदीप चौधरी, अमित सिंह, अभिषेक शर्मा, गोपाल दुबे, रमेश यादव, सतेंद्र सिंह, प्रहलाद यादव, आर्यंत यादव, श्रीप्रकाश वर्मा, शिवकुमार गौतम, राजकुमार विकास, सरिता, सायमा सहित संस्थान के अन्य कर्मचारी एवं अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button