दिल्ली में भरभराकर गिरी दो मंजिला मकान की छत: 3 साल के मासूम समेत दो की मौत, चार घायल; रेस्क्यू जारी

Delhi Shahdara House Collapse: पूर्वी दिल्ली के शाहदरा इलाके से सुबह-सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। ज्वाला नगर स्थित एक दो मंजिला मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर मलबे में दबने से दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है, जिसके चलते राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 10:13 बजे सूचना मिली कि ज्वाला नगर की गली नंबर 6 में पीर बाबा मजार के पास एक मकान की छत ढह गई है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने तुरंत चार गाड़ियों को मौके पर रवाना किया। स्थानीय पुलिस और पड़ोसियों की मदद से दमकल कर्मियों ने मलबे में फंसे लोगों को निकालने का सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मलबे से निकाले गए घायलों को तुरंत नजदीकी डॉ. हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
उत्तराखंड में फिर काल बने पहाड़ी रास्ते! टिहरी में खाई में गिरी बस, 8 लोगों की दर्दनाक मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 35 वर्षीय पिंटू और 3 साल के मासूम बच्चे बाबू के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक बच्चे का परिवार इस मकान में किराये पर रह रहा था। वहीं इस हादसे में खुशबू (30), विकास (30), अमन (18) और आकाश (27) गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में सघन इलाज चल रहा है। पुलिस प्रशासन इलाके की घेराबंदी कर मलबे को हटाने और बाकी संभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटा है।



