यमुना में बाढ़ से फसलें जलमग्न: ग्रामीण चिंतित
विधायक प्रतिनिधि ने बाढ़ ग्रस्त गाँवो का किया दौरा

जसवंतनगर, इटावा। यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से जसवंतनगर क्षेत्र के यमुना किनारे बसे कई गांवों में हालात गंभीर होते जा रहे हैं। गांवों के खेत पानी में डूब चुके हैं और बोई गई फसलें तथा सब्जियां पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। इससे किसानों और ग्रामीणों की आजीविका पर संकट गहराता जा रहा है।
क्षेत्र के सिरसा की मढैया,खंदिया, कीरतपुर और कछपुरा गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से यमुना का जलस्तर लगातार ऊपर जा रहा है। खेतों में लगी गोभी,लौकी और अन्य सब्जियां पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं साथ ही दैनिक जीवन भी प्रभावित हुआ है। यहाँ के वाॅशिंदे केवल खेती-किसानी पर ही निर्भर हैं।
फसलें नष्ट होने से अब उनके सामने रोज़मर्रा की जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो गया है। गांव कछपुरा और कीरतपुर का मुख्य मार्ग से संपर्क टूट चुका है। यहां लोगों का आना-जाना केवल नावों के सहारे हो रहा है।
बुधवार को क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव के निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनुज मोंटी यादव ने एडीओ पंचायत देवेंद्र कुमार और ब्लॉक की टीम के साथ खंदिया, कीरतपुर,सिरसा की मढैया और कछपुरा गांव का दौरा किया। उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात कर हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।शाम के लिए खाने की व्यवस्था ब्लॉक टीम द्वारा कराई गई।उन्होंने प्रशासन से अपील की कि प्रभावित परिवारों को तत्काल हर संभव मदद दिलाई जाए,साथ ही लेखपालों को सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।


