राम मंदिर ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर मऊ में कांग्रेस की पदयात्रा, न्यायिक जांच की मांग

मऊ। अयोध्या स्थित प्रभु श्रीराम मंदिर ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर सोमवार को मऊ में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शांतिपूर्ण पदयात्रा निकाली गई। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर आयोजित किया गया। पदयात्रा का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजमंगल यादव ने किया। इसमें कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में चढ़ावे और मंदिर से जुड़े वित्तीय मामलों में सामने आई कथित अनियमितताओं से करोड़ों रामभक्तों की आस्था आहत हुई है। उन्होंने कहा कि देशभर के लोगों ने अपनी श्रद्धा और विश्वास के साथ मंदिर निर्माण और विकास के लिए योगदान दिया था। ऐसे में यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
महादेव मंदिर परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह मामला केवल आर्थिक अनियमितताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से भी जुड़ा हुआ है। इसलिए पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और लोगों का विश्वास कायम रहे।
इस दौरान कांग्रेस ने तीन प्रमुख मांगें भी रखीं
•पहली मांग यह रही कि पूरे मामले की जांच उच्च न्यायालय के किसी सिटिंग जज की निगरानी में समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से कराई जाए।
•दूसरी मांग वर्तमान राम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने की रही।
•तीसरी मांग में कहा गया कि मंदिर के प्रबंधन की जिम्मेदारी चारों पीठों के शंकराचार्यों और संबंधित संत-महंतों को सौंपी जाए।
सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजमंगल यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति की, आज उनके शासनकाल में मंदिर से जुड़े मामलों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं के विश्वास के साथ खिलवाड़ हुआ है और इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
राजमंगल यादव ने कहा कि गरीब, किसान, मजदूर और आम लोगों ने अपनी आस्था के चलते मंदिर के लिए दान दिया था। यदि उस धन के उपयोग में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो इसकी पूरी सच्चाई देश के सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और जब तक निष्पक्ष जांच नहीं होती तथा जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा करना और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। पार्टी ने सरकार से पूरे मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
कार्यक्रम में ओमप्रकाश ठाकुर, उदयप्रताप राय, कैलास चौहान, मनोज गिहार, शिवाजी कन्नौजिया, हफिजुर्रहमान, प्रमोद सिंह, महेंद्र सोनकर, अमन गिहार, फहद कादिर, वंदना पांडे, महक पांडे, जावेद खान, प्रेमशीला, शैदूर्रहमान पहलवान, गुलशन कुमार, राजू फारूकी, संजय साहू, संचिता नंद, सुरेश राजभर, रामविलास मौर्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।



