दो बाइकों की भिड़ंत: तीन घायल गंभीर
रेलवे ओवरब्रिज पर बाइकों में हुई भिड़ंत

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र से कचौरा घाट मार्ग पर मोहल्ला रेल मंडी स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
हादसे में बुलेट सवार सिसहाट निवासी 48 वर्षीय सुनील पुत्र रमेश चंद्र और 42 वर्षीय नवनीत पुत्र जयपाल यादव घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं दूसरी बाइक आर-15 चला रहा बिलासपुर निवासी 18 वर्षीय अमन पुत्र शिवराम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।
सूचना पर मौके पर पहुंचे कार्यवाहक थानाध्यक्ष ललित चतुर्वेदी ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को पुलिस ने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।



