आरकेजीआईटी में छात्र-छात्राओं को दिया करियर मार्गदर्शन
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति भी किया जागरूक

गाजियाबाद। मिशन शक्ति अभियान के तहत गाजियाबाद पुलिस ने आरकेजीआईटी कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में डीसीपी नगर धवल जायसवाल ने विद्यार्थियों को करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने के बारे में जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार करियर चुनने, लक्ष्य निर्धारित करने और नियमित मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिला सुरक्षा, अधिकारों और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करते हुए महिलाओं को समान अवसर और सम्मान देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को अपने कौशल का विकास करने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। पुलिस ने युवाओं से सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।



