झोलाछाप ने सड़क किनारे लिटा कर लगाए टांके
सड़क किनारे बोरी पर लिटा कर टांके लगाने का सोशल मीडिया पर हुआ वीडियो वायरल

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम पड़रपुरा निवासी एक घायल युवक का सड़क किनारे खुले में बोरी को जमीन पर बिछा कर मरहम-पट्टी और टांके लगाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसकी आपका हिंदुस्तान समाचार पत्र पुष्टि नहीं करता है वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था और झोलाछाप डॉक्टरों की सक्रियता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार पड़रपुरा निवासी मुकेश यादव चोटिल हो गए थे। आरोप है कि उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय एक कथित झोलाछाप डॉक्टर ने सड़क किनारे ही उपचार शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में बिना किसी चिकित्सकीय मानक और आवश्यक उपकरणों के खुले में घायल का इलाज करते हुए तथा टांके लगाते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति पड़ोसी गांव का रहने वाला है।
वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि खुले में इस तरह उपचार करना मरीज के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकता है। संक्रमण फैलने की आशंका के साथ-साथ बिना पंजीकृत चिकित्सकों द्वारा इलाज किए जाने पर भी लोगों ने चिंता जताई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्रों में झोलाछाप डॉक्टरों की गतिविधियां लंबे समय से जारी हैं,लेकिन इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से वायरल वीडियो की जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।



