ग्राम पंचायत मसोता में फर्जी हस्ताक्षर से सरकारी कैंटीन आवंटन का आरोप

गाजियाबाद। ग्राम पंचायत मसोता, थाना मसूरी क्षेत्र में सरकारी योजना के अंतर्गत संचालित कैंटीन आवंटन में गंभीर अनियमितता और फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। राधे-राधे प्रेरणा महिला ग्राम संगठन की अध्यक्ष श्रीमती मंजू देवी ने जिलाधिकारी गाजियाबाद को शिकायती पत्र देकर अपने फर्जी हस्ताक्षर कर सरकारी कार्य अपने नाम कराने का आरोप लगाया है।

शिकायत में बताया गया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, नीडोरी गाजियाबाद में अध्ययनरत छात्रों के लिए भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था हेतु महिला समूह को कैंटीन संचालन का आदेश दिनांक 29 जुलाई 2025 को जारी किया गया था।

आरोप है कि संबंधित विभागीय अधिकारियों ने आदेश की जानकारी संगठन की अध्यक्ष को न देकर समूह की सदस्य सविता पत्नी प्रवीण को साठगांठ कर दी।प्रार्थिनी के अनुसार, दिनांक 31 जुलाई 2025 को सविता द्वारा कूट रचित प्रार्थना पत्र सीडीओ गाजियाबाद को दिया गया, जिसमें अध्यक्ष मंजू देवी एवं अन्य सदस्यों के फर्जी हस्ताक्षर कर कैंटीन संचालन अपने नाम कराने का प्रयास किया गया। यह कृत्य न केवल अध्यक्ष पद के अधिकारों का हनन है, बल्कि सरकारी योजना में धोखाधड़ी एवं अमानत में खयानत का गंभीर मामला भी है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने जानबूझकर पत्राचार में देरी कर मामले को दबाने का प्रयास किया और आवश्यक समय पर सूचना प्रेषित नहीं की। फर्जी प्रार्थना पत्र की रिसीविंग कॉपी को प्रार्थिनी ने साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखने का दावा किया है।
पीड़िता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर विभागीय हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related Articles

Back to top button