सरकार गिराने में ब्राह्मण निभाएगा अहम भूमिका: कृपाल तिवारी

चाणक्य रथ यात्रा के जरिए समाज को संगठित करने का लिया संकल्प

जसवंतनगर,इटावा।अखिल भारतीय संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से निकाली जा रही चाणक्य रथ यात्रा शनिवार को जसवंतनगर क्षेत्र के कोठी केस्त पहुंची। यात्रा के संयोजक पंडित कृपा निधान तिवारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यदि यूजीसी जैसे कानून वापस नहीं लिए गए तो ब्राह्मण समाज सरकार के खिलाफ खड़ा होकर उसे गिराने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि समाज अब अपने अधिकारों और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगा।

उन्होंने बताया कि सामाजिक जागरूकता और समाज के अधिकारों के प्रति चेतना पैदा करने के उद्देश्य से देशव्यापी चाणक्य रथ यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा का शुभारंभ 24 अक्टूबर को आचार्य चाणक्य की जन्मभूमि पाटलिपुत्र (पटना) से किया गया। इसका उद्देश्य समाज में आत्मसम्मान,स्वाभिमान और संगठन की भावना को मजबूत करना है।

कृपा निधान तिवारी ने कहा कि वर्तमान सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों में समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और एकजुट होना जरूरी है। अखिल भारतीय संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से छह प्रमुख मांगें उठाई जा रही हैं। इनमें देशभर में आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने, योग्यता आधारित पदों से आरक्षण समाप्त करने, सवर्ण आयोग का गठन करने और समान नागरिक संहिता लागू करने की मांग शामिल है।

इसके अलावा भगवान परशुराम के प्राकट्य दिवस अक्षय तृतीया पर राष्ट्रीय सार्वजनिक अवकाश घोषित करने तथा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि परिसर में भगवान परशुराम का भव्य मंदिर बनवाने की मांग भी की गई है।

समिति का कहना है कि चाणक्य रथ यात्रा के माध्यम से इन मांगों को जन-जन तक पहुंचाने, समाज के लोगों को एक मंच पर लाने और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर अभियान को व्यापक स्वरूप देने का संकल्प लिया गया है।

इस दौरान ऋषिकांत चतुर्वेदी,प्रदीप पांडेय, विनय पांडेय,उमेश दुबे, सत्येंद्र तिवारी,अनुरोध दुबे,प्रभात दुबे,सूर्यकांत चतुर्वेदी,वेद चतुर्वेदी,देबू चतुर्वेदी और पंकज पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button