नगदी-स्मार्ट फोन लूट की सूचना से मचा हड़कम्प
जांच में लूट की घटना निकली झूंटी, मारपीट की जांच शुरू

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर में बीती मंगलवार शाम कचौराघाट मार्ग पर लखेरा कुआं के पास एक ढाबे के समीप तीन लाख रुपये और मोबाइल लूटने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जसवंतनगर थानाध्यक्ष कमल भाटी और बलरई थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच और संबंधित लोगों से पूछताछ की तो मामला लूट का नहीं, बल्कि मारपीट का निकला।
थानाध्यक्ष कमल भाटी के अनुसार,आगरा जिले के बाह क्षेत्र के चित्राहाट थाना क्षेत्र के कचौराघाट निवासी सोनू शर्मा पुत्र श्याम सनेही ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि वह नगर क्षेत्र से कचौराघाट मार्ग होते हुए अपने घर कचौरा घाट जा रहा था। इसी दौरान लखेरा कुआं के पास ढाबे के समीप एक व्यक्ति ने उससे तीन लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया।
लूट की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। जांच में सामने आया कि सोनू शर्मा का बलरई थाना क्षेत्र के जाखन निवासी दीपक राजपूत के साथ मारपीट को लेकर विवाद हुआ था। घटनास्थल पर मोबाइल भी उसकी जेब में पड़ा मिला। पुलिस जांच में लूट की घटना की पुष्टि नहीं हुई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि लूट की सूचना देने वाले और मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई है।



