ऊँचाहार में चौथी बार लहराएगा सपा का परचम, बड़े अंतर से होगी जीत : ओम प्रकाश मिश्रा

भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेश में जनाक्रोश, बदलाव के लिए जनता तैयार

ऊँचाहार, रायबरेली। ऊँचाहार विधानसभा में समाजवादी पार्टी की जीत का सिलसिला इस बार भी जारी रहेगा और पार्टी बड़े अंतर से विजय हासिल करेगी। प्रदेश में तेजी से बदल रहे राजनीतिक माहौल और जनता के रुझान से साफ है कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। यह बात शुक्रवार को ऊँचाहार नगर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पहुंचे सपा के प्रदेश सचिव, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी पंडित ओम प्रकाश मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता त्रस्त हो चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बढ़ती अराजकता ने आम आदमी का जीवन मुश्किल कर दिया है। जनता अब बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है।

पंडित ओम प्रकाश मिश्रा ने ऊँचाहार विधानसभा का जिक्र करते हुए कहा कि यहां की जनता लगातार तीन बार समाजवादी पार्टी को अपना आशीर्वाद दे चुकी है। क्षेत्र में सपा के प्रति जनता का विश्वास बरकरार है। इस बार भी समाजवादी पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी और चौथी बार ऊँचाहार में सपा का विधायक बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का अपार समर्थन पार्टी की जीत का आधार बनेगा।

भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि आज थानों, तहसीलों और ब्लॉकों में आम जनता को अपने जायज काम कराने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। बिना पैसे के सरकारी दफ्तरों में काम न होने की शिकायतें आम हो गई हैं। किसान अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है। विशेष रूप से आलू उत्पादक किसानों की हालत बेहद चिंताजनक है। उनकी मेहनत का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और आर्थिक संकट के चलते किसान हताश हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसान, नौजवान, गरीब और मध्यम वर्ग सभी परेशान हैं। रोजगार के अवसरों की कमी और लगातार बढ़ती महंगाई ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भाजपा सरकार को आम जनता की परेशानियों की चिंता नहीं है, बल्कि उसकी प्राथमिकताएं बड़े उद्योगपतियों के हितों तक सीमित हैं।
सपा नेता ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर समाजवादी पार्टी की नीतियों, उपलब्धियों और विचारधारा को जनता के बीच रखें। संगठन को मजबूत बनाएं और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी एकजुटता के साथ जुट जाएं।

इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष बिंदेश्वरी पासी, डॉ. नरेंद्र यादव, कमलेश मौर्य, राहुल यादव किशन पाल, रंजीत यादव, निरंकुश यादव, बिंदोश विश्वकर्मा, सर्वजीत सिंह यादव सहित सैकड़ों की संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 

 

Related Articles

Back to top button