सुबह खाली पेट आंवला खाना अमृत या जहर, जान लें सेवन का सही समय और जरूरी सावधानियां

Amla Eating Tips: सर्दियों की दस्तक के साथ ही बाजारों में रसीले और ताजे आंवलों की बहार आ जाती है। स्वाद में कसैला और खट्टा होने के बावजूद यह फल पोषक तत्वों का खजाना माना जाता है। प्रचुर मात्रा में विटामिन सी, फाइबर और पॉलीफेनॉल जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर आंवला रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है। ये त्वचा में कोलेजन निर्माण को बढ़ावा देकर स्किन को चमकदार बनाता है और इसमें मौजूद फाइबर कब्ज जैसी पाचन समस्याओं से राहत दिलाता है।

इसके अलावा खाने में मौजूद प्लांट-बेस्ड आयरन को शरीर में अवशोषित कराने के लिए भी विटामिन सी की दरकार होती है, जिसमें आंवला बेहद मददगार साबित होता है। हालांकि लोगों के मन में अक्सर यह सवाल रहता है कि इसे सवेरे खाली पेट खाना ज्यादा फायदेमंद है या फिर इससे शरीर को नुकसान पहुंच सकता है।

चिकित्सा विज्ञान के अनुसार, ऐसा कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि सवेरे खाली पेट ही आंवला खाने से उसके गुण कई गुना बढ़ जाते हैं। एक सामान्य और स्वस्थ व्यक्ति सीमित मात्रा में खाली पेट इसका सेवन कर सकता है, मगर हर किसी की पाचन प्रकृति एक जैसी नहीं होती।

फायदे की जगह कर देगा पेट खराब

आंवले की खट्टी तासीर के चलते संवेदनशील पेट वाले लोगों को खाली पेट इसका सेवन करने से सीने में जलन, हाइपरएसिडिटी, खट्टी डकारें या पेट में मरोड़ की शिकायत हो सकती है।

खासतौर पर जो लोग पहले से गैस्ट्राइटिस, एसिड रिफ्लक्स या अल्सर जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, उन्हें सवेरे खाली पेट कच्चा आंवला या इसका तीखा रस लेने से सख्त परहेज करना चाहिए। ऐसे व्यक्तियों के लिए आंवले को दोपहर के भोजन के साथ या नाश्ते के बाद खाना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है।

आंवला खाने का कोई एक तय वक्त नहीं है; इसे आपकी व्यक्तिगत सहनशीलता और दिनचर्या के हिसाब से डाइट में शामिल किया जा सकता है। सवेरे का समय उनके लिए मुफीद है जिनका हाजमा बिल्कुल दुरुस्त रहता है, वहीं दोपहर में भोजन के साथ इसे खाने से दाल-सब्जियों से मिलने वाले आयरन का अवशोषण बेहतर होता है। यदि आप जूस पीना पसंद करते हैं, तो बिना चीनी मिलाए सीमित मात्रा में ही पिएं, हालांकि साबुत फल खाना फाइबर की मौजूदगी के कारण ज्यादा गुणकारी माना जाता है।

कच्ची खाने की गलती तो नहीं कर रहे, इन 5 सब्जियों को पकाकर खाने से मिलते हैं दोगुने फायदे

एक स्वस्थ व्यक्ति को रोजाना एक छोटा या मध्यम आकार का ताजा आंवला ही खाना चाहिए, क्योंकि जरूरत से ज्यादा मात्रा दस्त या पेट दर्द का कारण बन सकती है। इसके अलावा डायबिटीज के मरीजों को बाजार में मिलने वाले चाशनी वाले मुरब्बे या मीठी कैंडी से दूरी बनानी चाहिए, वहीं खून पतला करने वाली दवाएं लेने वाले और किडनी के मरीजों को आंवले के नियमित सेवन से पहले डॉक्टरी सलाह जरूर लेनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button