महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में 54वीं राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का हुआ भव्य आयोजन

सुल्तानपुर। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, नई दिल्ली तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह द्वारा रिबन काटकर और मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन और मधुलिका सिंह ने सरस्वती वंदना गाकर कार्यक्रम की गरिमामयी शुरुआत करवाई।
विशिष्ट अतिथि के रूप में सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटा शंकर यादव उपस्थित रहे। राणा प्रताप पीजी कॉलेज, सुल्तानपुर के डॉ शिशिर कुमार श्रीवास्तव, डॉ प्रीति प्रकाश, डॉ गोरखनाथ, डॉ विपिन शर्मा, विपिन सिंह एवं श्रीमती श्रेया सिंह को शामिल करते हुए एक निर्णायक मंडल का गठन किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी का सफल आयोजन प्रमुख रूप से भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता डॉ अम्बरीश सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ।
मंच का कुशल संचालन राकेश कुमार सिंह और सुरजीत ने किया। प्रदर्शन करने वाले बाल वैज्ञानिकों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य महेश कुमार सिंह ने कार्यक्रम में आए हुए समस्त प्रतिभागी बच्चों, मार्गदर्शक शिक्षकों, विद्यालय स्टाफ और मुख्य अतिथियों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



