किसानों को मिली निःशुल्क सरसों की मिनीकिट
ग्राम बेर में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत कृषक गोष्ठी सम्पन्न

भरथना,इटावा। भरथना विकास खण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेर में गुरुवार को ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। गोष्ठी के दौरान सरसों की मिनीकिट के लिए बुकिंग कराने वाले किसानों को निशुल्क मिनीकिट वितरित की गईं।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को पराली न जलाने के प्रति जागरूक करते हुए इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी। साथ ही किसानों को सलाह दी गई कि वे खेतों की मिट्टी की जांच कराने के बाद ही आवश्यकता के अनुसार रासायनिक खादों का प्रयोग करें, ताकि मिट्टी की उर्वरता बनी रहे और फसलों का बेहतर उत्पादन हो सके।
गोष्ठी में उप कृषि निदेशक सतीश पाण्डेय,उप कृषि निदेशक (संरक्षण) राकेश प्रसाद,जिला कृषि अधिकारी ओमकार सिंह, विषय वस्तु विशेषज्ञ शैलेन्द्र,सहायक विकास अधिकारी दिलीप कुमार, प्राविधिक सहायक उदयवीर और सचिन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



