तीन बच्चों की माँ-मासूम बेटा सहित डेढ़ माह से लापता
दवा लेने के बहाने घर से निकली,पुलिस ने नहीं लगाया सुराग

जसवंतनगर,इटावा। विकासखंड जसवंतनगर के ग्राम नगला रामफल निवासी बंटू कश्यप पुत्र फूलन सिंह कश्यप की पत्नी शोभा देवी 30 वर्ष अपने छह वर्षीय पुत्र अवी के साथ 29 मई 2026 को दवा लेने की कहकर घर से निकली थीं,और लापता हो गई। घटना को अब डेढ़ माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका है। जिससे परिवार गहरे सदमे में है।
पीड़ित पति बंटू कश्यप ने बताया कि घटना वाले दिन वह रोज़ की तरह ऑटो चलाने के लिए घर से निकला था,शाम करीब छह बजे उनकी नौ वर्षीय बेटी रागिनी का फोन आया कि “मम्मी दवा लेने गई थीं, अभी तक वापस नहीं लौटीं”, जिसके बाद उन्होंने पत्नी के मोबाइल पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया,लेकिन फोन लगातार स्विच ऑफ मिला।
बंटू कश्यप ने बताया कि उन्होंने अपनी ससुराल सहित सभी रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की,लेकिन पत्नी और बेटे का कोई पता नहीं चला। जिसके सम्बन्ध में उसने जसवंतनगर थाना पुलिस सहित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक,मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए पत्नी और बेटे की तलाश कराए जाने की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है।
पीड़ित ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि उनकी पत्नी और बेटे का जल्द से जल्द पता लगाया जाए ताकि परिवार फिर से एकजुट हो सके। उन्होंने बताया कि उनकी दोनों बेटियां रागिनी 9 वर्ष और नेहा 7 वर्ष अपनी मां के बगैर याद करके परेशान बनी हुई हैं।



