अखिल भारतीय कवि सम्मेलन 31 को सजेगी महफिल
सपा राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव होंगे मुख्य अतिथि

जसवंतनगर,इटावा। ऐतिहासिक रामलीला के तहत 31 अक्टूबर दिन शनिवार को रामलीला मैदान में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। रात 8 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में देश के जाने-माने कवि और शायर अपनी रचनाओं से श्रोताओं को हास्य, गीत, शायरी और वीर रस का आनंद कराएंगे।
कार्यक्रम में विधायक एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव मुख्य अतिथि होंगे, जबकि बदायूं के सांसद आदित्य यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कवि सम्मेलन में डॉ. विष्णु सक्सेना यश भारती, मुमताज नसीम, दिनेश देसी घी,विलाल सहारनपुरी,हिमांशी बावरा,विष्णु विराट,प्रीति पाण्डेय और वीर रस के कवि मयंक बिधौलिया काव्य पाठ करेंगे। कार्यक्रम का संचालन कुमार मनोज करेंगे।
रामलीला समिति के प्रबंधक राजीव गुप्ता ‘बबलू’ और अजेंद्र गौर ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह केवल रामलीला समिति का कार्यक्रम नहीं,बल्कि पूरे जसवंतनगर का आयोजन है। नगर की पहचान और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े इस कवि सम्मेलन को सफल बनाना सभी नगरवासियों की सहभागिता से ही संभव है।
उन्होंने कहा कि समिति लगातार प्रयास करती है कि रामलीला के मंच पर अच्छे और नामचीन कवियों को आमंत्रित किया जाए, ताकि नगर के लोगों को एक ही मंच पर बेहतरीन रचनाएं सुनने का अवसर मिले। हर वर्ष बेहतर कार्यक्रम कराने और साहित्यिक परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नगरवासियों से परिवार और मित्रों के साथ पहुंचकर कवि सम्मेलन का आनंद लेने तथा कवियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।



