भाकियू महात्मा टिकैत ने सौंपा 14 सूत्रीय ज्ञापन

खाद की किल्लत,धान खरीद-आलू किसानों की समस्याओं पर उठाई आवाज

इटावा। भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत की मासिक पंचायत नवीन मंडी स्थित मंडी सचिव कार्यालय परिसर में हुई। रामनरेश यादव की अध्यक्षता में हुई पंचायत में किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान की मांग उठाई गई। पंचायत के बाद राष्ट्रीय संगठन मंत्री चौधरी राजेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में मंडी सचिव शिवा आशीष को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित 14 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।

जिलाध्यक्ष संजेश यादव ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाए। किसान खाद की किल्लत, धान खरीद में अनियमितताओं, आलू का उचित मूल्य नहीं मिलने और आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान से परेशान हैं। प्रशासन को इन समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराना चाहिए।

तहसील अध्यक्ष जसवंतनगर बृजेश यादव ने कहा कि प्रशासन व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुन सकता है तो किसानों के साथ बैठक क्यों नहीं करता। उन्होंने मांग की कि प्रशासन किसानों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनें और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनका समयबद्ध निस्तारण कराएं।

ज्ञापन में धान की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित करने, बिचौलियों पर रोक लगाने,डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता,आलू किसानों को 400 रुपये प्रति क्विंटल सब्सिडी देने,किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने और घरेलू बिजली 400 यूनिट तक मुफ्त देने की मांग की गई। इसके अलावा गन्ना भुगतान,मंडियों में तौल व्यवस्था में सुधार, खतौनियों की त्रुटियां दूर करने और आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा सहित किसानों की अन्य समस्याएं उठाई गईं। संगठन ने मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

इस दौरान प्रदेश सचिव कैलाश यादव, जिला उपाध्यक्ष बृजकिशोर,जिला महासचिव राजेश कुमार, जिला महामंत्री राजीव कुमार,जिला सचिव रविंद्र कुमार,तहसील अध्यक्ष सैफई जगराम सिंह प्रजापति,तहसील अध्यक्ष सदर इटावा उदयराज सिंह,तहसील अध्यक्ष ताखा गिरजेश कुमार,चंदू बाबाजी सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button