लंभुआ में निर्विरोध तो कुड़वार में जमकर हुआ मतदान
मनोज कुमार मौर्य अध्यक्ष और देशराज मंत्री निर्वाचित, लंभुआ में रणवीर सिंह व ओमप्रकाश हुए निर्विरोध

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद सुलतानपुर (सम्बद्ध- अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ भारत) की ब्लॉक इकाई लंभुआ एवं कुड़वार में त्रैवार्षिक अधिवेशन/शिक्षक सम्मेलन सम्पन्न हुआ। लंभुआ में जहां अध्यक्ष एवं मंत्री पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, वहीं कुड़वार में दोनों पदों के लिए जमकर मतदान हुआ। ब्लॉक इकाई लंभुआ में कुल 556 मतदाता थे अध्यक्ष पद पर रणवीर सिंह एवं मंत्री पद पर ओमप्रकाश ने नामांकन दाखिल किया।
जांचोपरांत दोनों आवेदन पत्र वैध पाए गए। अन्य कोई नामांकन दाखिल न होने के कारण अध्यक्ष पद पर रणवीर सिंह एवं मंत्री पद पर ओमप्रकाश को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया। मतदान पर्यवेक्षक राजीव कुमार मिश्र तथा मतदान अधिकारी श्रीपाल यादव एवं अरविंद कुमार दूबे रहे।वहीं ब्लॉक इकाई कुड़वार में कुल 563 मतदाता थे। जिसमें 508 मत पड़े अध्यक्ष पद पर मनोज कुमार मौर्य एवं धर्मेंद्र त्रिपाठी तथा मंत्री पद पर देशराज, दिनेश चन्द्र शुक्ल एवं संजय यादव ने नामांकन दाखिल किया।
जांचोपरांत सभी आवेदन पत्र वैध पाए गए।अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में मनोज कुमार मौर्य को 299 मत तथा धर्मेंद्र त्रिपाठी को 201 मत प्राप्त हुए। मनोज कुमार मौर्य ने 98 मतों के अंतर से विजय हासिल कर अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए।
वहीं मंत्री पद पर देशराज को 255 मत, दिनेश चन्द्र शुक्ल को 45 मत तथा संजय यादव को 201 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार देशराज ने 54 मतों के अंतर से मंत्री पद पर विजय प्राप्त की।वहीं कुड़वार में मतदान पर्यवेक्षक संजय सिंह तथा मतदान अधिकारी अरुण कुमार सिंह एवं इन्द्रेश यादव रहे।निर्वाचन सम्पन्न होने के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र पांडेय एवं वर्तमान जिला अध्यक्ष दिनेश उपाध्याय एवं जिला मंत्री राम आशीष मौर्य ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर वेद प्रकाश एवं सुरेंद्र मौर्य हीरालाल सहित शिक्षक संघ के पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।



