पहले हमला किया, फिर डीज़ल डालकर आग लगा दी; एक शक में सगी मां की हत्या

Son kills mother witchcraft suspicion: तेलंगाना के मेडक जिले स्थित टेकमल मंडल के एलुपेटा गांव में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली रोंगटे खड़े करने वाली वारदात सामने आई है। यहां अंधविश्वास के चलते 21 वर्षीय कलयुगी बेटे ने अपनी 40 वर्षीय सगी मां की बेरहमी से पिटाई की और फिर डीजल छिड़ककर जिंदा जला दिया। आग की लपटों में घिरी महिला ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना की शिकार महिला की पहचान कर्रे सायम्मा (40) के रूप में हुई है, जबकि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी बेटे की पहचान 21 वर्षीय दुर्गेश के रूप में की गई है।
स्थानीय सूत्रों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी दुर्गेश को लंबे समय से अपनी मां पर काला जादू करने का अंधविश्वासी शक था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर तनाव रहता था। वारदात के दिन भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हुई, जिसके बाद आक्रोशित होकर दुर्गेश ने पहले अपनी मां पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया और फिर घर में रखा डीजल उन पर उड़ेलकर आग के हवाले कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक आस-पड़ोस के लोग मदद के लिए दौड़ते, तब तक आग की भीषण लपटों में घिरने के कारण सायम्मा की मौत हो चुकी थी।
मां को जलाकर मार डाला, गांव में दहशत
प्रत्यक्षदर्शी पड़ोसी के. कर्रे अशोक के अनुसार, घरेलू विवाद के बाद बेटे ने जिस वहशियाना अंदाज में अपनी मां को जलाकर मार डाला, उसने पूरे गांव को गहरे सदमे और दहशत में डाल दिया है। सूचना मिलते ही टेकमल थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और आरोपी दुर्गेश को तुरंत हिरासत में ले लिया।
मणिपुर में 24 घंटे का महाविनाश: 9 लाशें, 14 घर खाक… आधी रात को अचानक क्यों भड़क उठी हिंसा
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जोगीपेट के सरकारी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और अंधविश्वास समेत सभी पहलुओं की गहनता से कानूनी जांच की जा रही है।



