विधानसभा 56 में लगेंगे करीब 50 समाजवादी मेडिकल कैंप
10 अक्टूबर से शुरू होगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का सिलसिला, जरूरतमंद को साइकिल भी भेंट

गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने गांधी नगर स्थित अपने कार्यालय पर शुक्रवार को जिला एवं महानगर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर विधानसभा 56 के विभिन्न वार्डों में 10 अक्टूबर से ‘समाजवादी मेडिकल कैंप’ लगाए जाएंगे। विधानसभा क्षेत्र में करीब 50 नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की योजना है।
अभिषेक गर्ग ने कहा कि चिकित्सा आमजन की मूलभूत जरूरतों में शामिल है। अभियान के तहत गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। शिविरों में पीएफटी (फेफड़ों की जांच), हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और ईसीजी सहित विभिन्न जांचें नि:शुल्क की जाएंगी। इसके अलावा जनरल फिजिशियन, डेंटिस्ट और स्त्री रोग विशेषज्ञ मरीजों को परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराएंगे।
उन्होंने बताया कि विधानसभा 56 के बाद गाजियाबाद के अन्य वार्डों में भी अगले माह इसी प्रकार के मेडिकल कैंप आयोजित किए जाएंगे।
मेडिकल कैंप का कार्यक्रम 10 अक्टूबर: वार्ड 12, कालका गढ़ी-जटवाड़ा
12 अक्टूबर: वार्ड 17, सेवा नगर-हिंडन विहार 15 अक्टूबर: वार्ड 88, गांधी नगर 18 अक्टूबर: वार्ड 48, मिर्जापुर
22 अक्टूबर: वार्ड 93, कैला भट्टा 24 अक्टूबर: वार्ड 27, डूंडाहेड़ा क्रॉसिंग 25 अक्टूबर: वार्ड 39, राकेश मार्ग-नासिरपुर
27 अक्टूबर: वार्ड 55, प्रताप विहार सेक्टर-11 30 अक्टूबर: वार्ड 22, दौलतपुरा-लुहारपुरा
जरूरतमंद को साइकिल भेंट
प्रेस वार्ता के दौरान जनसेवा की पहल के तहत प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने एक जरूरतमंद व्यक्ति को उपहार स्वरूप साइकिल भी भेंट की। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद और सुविधाएं पहुंचाना अभियान का उद्देश्य है।



