धक्का-मुक्की में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत, दो महिलाएं गिरफ्तार
गैर-इरादतन हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा, दो आरोपी अभी फरार

गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के रामपार्क स्थित सुधीर एनक्लेव में धक्का-मुक्की और मारपीट के दौरान 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में पुलिस ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मृतका के बेटे की तहरीर पर गैर-इरादतन हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली थी कि मदरसे के पास एक महिला के साथ मारपीट हुई है और उसकी मौत हो गई है। सूचना पर ट्रोनिका सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। वहां सलमा बीबी पत्नी इकरामुद्दीन निवासी सुधीर एनक्लेव घायल और अचेत अवस्था में मिलीं। पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पुत्र आदिल मलिक ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी सास गुड्डो, साली महक, साला समीर और एक अन्य व्यक्ति ने उसकी मां के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान हुई मारपीट में उनकी मां की मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद और एक अन्य आरोपी के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रमेश चंद्र को सौंपी गई है।
दो महिलाएं गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद महिला आरोपियों गुड्डो और महक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। वहीं नामजद आरोपी समीर और एक अन्य व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाने के साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



