4 अक्टूबर को सपा निकालेगी ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ महामार्च
मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग पर उठाए सवाल, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी जिला एवं महानगर संगठन की ओर से 4 अक्टूबर को ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत महामार्च निकाला जाएगा। शुक्रवार को राजनगर स्थित सपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी पदाधिकारियों ने मार्च की जानकारी दी। इस दौरान मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए।
जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन एडवोकेट और महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव एडवोकेट ने आरोप लगाया कि विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उनका दावा है कि इसका असर विपक्षी विचारधारा से जुड़े मतदाताओं के साथ ही पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों पर पड़ रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
सपा पदाधिकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जिला और महानगर संगठन कार्यकर्ताओं के साथ 4 अक्टूबर को महामार्च निकालेगा।
पार्टी नेताओं के अनुसार, अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाना है। उन्होंने कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे और व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा।
प्रेस वार्ता में अभिषेक गर्ग, नितिन त्यागी, राजन कश्यप, भुवन भास्कर जोशी, रमेश प्रजापति, धर्मवीर डबास सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



