कोड क्राफ्ट चैलेंज-2026 में दिखी विद्यार्थियों की तकनीकी प्रतिभा

गाजियाबाद। आईटीएस मोहन नगर परिसर में आयोजित दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय आईटी फेस्ट ‘कोड क्राफ्ट चैलेंज-2026’ का बुधवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से करीब 50 संस्थानों के 150 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर प्रोग्रामिंग, तकनीकी कौशल, तार्किक क्षमता और समस्या समाधान क्षमता का प्रदर्शन किया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि अरुण कुमार, को-फाउंडर एवं सीटीआईओ, Loqal AI, आईटीएस मोहन नगर के निदेशक डॉ. सुनील कुमार पांडेय, एमसीए कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. पूजा धर सहित आयोजन समिति के सदस्य, विद्यार्थी और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
आईटीएस समूह के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों से सीखने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर मिलता है। मुख्य अतिथि अरुण कुमार ने कहा कि तकनीकी ज्ञान के साथ टीमवर्क, प्रभावी संवाद, तार्किक चिंतन और समस्या समाधान की क्षमता भी विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन मनोज कुमार, एसोसिएट डायरेक्टर ऑफ सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, वर्ल्डपे इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, बेंगलुरु और अंकुर जैन, फाउंडर, टेकसपर ने किया।
अमित-नीतू की टीम ने जीता पहला पुरस्कार
प्रतियोगिता में एनआईटीआरए, संजय नगर के अमित और नीतू ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। आईटीएस यूजी कैंपस, मोहन नगर के दर्शित और अनुपम को द्वितीय तथा आईटीएस मोहन नगर के कार्तिक और प्रिंस को तृतीय पुरस्कार मिला। विजेता टीमों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
डॉ. पूजा धर ने कहा कि तेजी से बदलते आईटी क्षेत्र में विद्यार्थियों के भीतर रचनात्मकता, नवाचार, तकनीकी दक्षता और समस्या समाधान क्षमता विकसित करना जरूरी है। डॉ. सुनील कुमार पांडेय ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, संकाय सदस्य और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



