अपराध रोकने को ट्रांस हिंडन में बढ़ेगी पुलिस की निगरानी, चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश

गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ाने की तैयारी की है। डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने इंदिरापुरम में सभी चौकी प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अपराध की स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में डीसीपी ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने, सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने और नियमित गश्त बढ़ाने को कहा। साथ ही अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
डीसीपी ने लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि चौकी स्तर पर पुलिस की सक्रियता बढ़ने से अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जा सकता है। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



