आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ विजयनगर थाना, साइबर अपराध पर भी रहेगी नजर

गाजियाबाद। पुलिसिंग को आधुनिक और जनसुलभ बनाने के उद्देश्य से विजयनगर थाने के नवनिर्मित एवं नवीनीकृत भवन का उद्घाटन पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ और महापौर सुनीता दयाल ने किया। नए थाना भवन में नागरिकों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, डिजिटल सूचना बोर्ड, बेहतर प्रकाश और बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
थाने में साइबर अपराधों से निपटने के लिए आधुनिक संसाधनों से लैस साइबर सेवा यूनिट स्थापित की गई है। ऑनलाइन ठगी, फिशिंग और डिजिटल धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों की जांच में तकनीकी विशेषज्ञ सहयोग करेंगे। वहीं, महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति केंद्र भी बनाया गया है, जहां महिलाओं की शिकायतों पर सुनवाई के साथ कानूनी मार्गदर्शन और काउंसलिंग की व्यवस्था रहेगी।
पुलिसकर्मियों के लिए कार्यालय कक्ष, रिकॉर्ड रूम और मीटिंग हॉल को भी बेहतर सुविधाओं से तैयार किया गया है। पुलिस आयुक्त ने कहा कि थाने का आधुनिकीकरण केवल भवन को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य पुलिस और आम नागरिक के बीच भरोसा मजबूत करना तथा पारदर्शी एवं सहज पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है।



