जाम के झाम में फसा भरथना

निस्तारण के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति

भरथना,इटावा। दिन प्रतिदिन जाम की समस्या नगर में इतना विकराल रूप धारण करती चली जा रही है। जिससे निजात पाना असम्भव सा प्रतीत होने लगा है। नगर के चारों प्रमुख मार्गों पर पूरे दिन जाम के झाम से राहगीरों को जूझना पडता है और कडी मशक्कत के बीच अपने गन्तव्य तक पहुँचे को विवश होना पडता है।

बीती रात्रि कस्बा के मुख्य चौराहा पर जाम की विकराल समस्या के चलते निजी वाहनों,बस व अन्य वाहनों की लगी लम्बी कतारों के बीच दो एम्बुलेंस फंसी रहीं। जिन्हें निकलने में काफी समय लगा। कस्बा के प्रमुख मार्ग जवाहर रोड,आजाद रोड, बालूगंज,सरोजनी रोड, तिलक रोड,मोतीगंज दिन प्रतिदिन जाम की समस्या से जूझते रहते हैं। जिसके चलते राहगीरों समेत व्यापारियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पडता है। मुख्य चौराहा पर यातायात पुलिस की सदैव मौजूदगी न होना इस समस्या में आग में घी डालने जैसा कार्य है।

पूर्व सभासद अंशू वर्मा सहित आसपास के व्यापारियों व वाशिन्दों का कहना है कि अधिकांशतः जो बडे वाहन बकेवर-लखना मार्ग से नगर में प्रवेश करते हैं, मुख्य चौराहा पर समुचित स्थान न हो पाने के कारण वह एक बार में मुड नहीं पाते हैं। साथ ही जगह-जगह आडे-तिरछे खडे ई-रिक्शा व ऑटो भी जाम की समस्या का मुख्य कारण हैं और थोडी ही देर में धीरे-धीरे वाहनों की लम्बी कतारें लगकर जाम का रूप ले लेती हैं। अगर प्रशासन द्वारा उक्त चौराहा पर यातायात पुलिस की नियमित तैनाती करे,तो पल-पल में लगने वाले जाम से कुछ राहत मिलने की उम्मीद रहेगी।

Related Articles

Back to top button