दो दिन से जलापूर्ति ठप: पानी को तरसी जनता
बिजली न मिलने ट्यूबवेल पंप खराब होने से बिगड़ी व्यवस्था

जसवंतनगर,इटावा। छिमारा मार्ग क्षेत्र में नगर पालिका की जलापूर्ति व्यवस्था पिछले दो दिनों से प्रभावित होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार पानी नहीं मिलने से घरेलू जरूरतों के लिए लोग इधर-उधर से पानी की व्यवस्था करने को मजबूर हैं। समस्या की जानकारी लेने के लिए क्षेत्र के लोग बस स्टैंड चौराहे के पास स्थित बड़ी पानी की टंकी परिसर पहुंचे।
वहां मौजूद ट्यूबवेल ऑपरेटर रघुवीर सिंह से लोगों ने जलापूर्ति बाधित होने का कारण पूछा। ऑपरेटर ने बताया कि बिजली की आपूर्ति न मिलने के कारण ट्यूबवेल नहीं चल पा रहा है। वहीं, रामलीला तिराहे के पास स्थित ट्यूबवेल का पंप खराब होने से भी जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है।
क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि जलापूर्ति जैसी आवश्यक सेवा बाधित होने से परिवारों को रोजमर्रा के कामों के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। कुछ लोगों ने ट्यूबवेल संचालन में तैनात कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि समय से ड्यूटी न होने और व्यवस्था की पर्याप्त निगरानी नहीं किए जाने से समस्या बढ़ रही है। हालांकि,ऑपरेटर ने जलापूर्ति बाधित होने का मुख्य कारण बिजली आपूर्ति न मिलना और पंप खराब होना बताया।
लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से खराब ट्यूबवेल पंप को तत्काल ठीक कराने,जलापूर्ति सुचारु कराने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।



