भंडारे में खाना परोस रहे युवक को पीटा: घायल
बचाने पहुंचे परिजन भी हुए मारपीट के शिकार

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्बा के कृष्णा नगर स्थित लंगूर की मठिया मंदिर में सोमवार को भंडारे के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान एक पक्ष के युवक के साथ जमकर मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके छोटे भाई, भाभी और करीब 13 वर्षीय भतीजी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। देर शाम पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को संभाला।
यादव नगर निवासी अतुल कुमार (42) ने थाना भरथना में दी तहरीर में आरोप लगाया कि सोमवार को वह कृष्णानगर स्थित लंगूर की मठिया मंदिर में आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं को खाना परोस रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर विवेक यादव ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद दो नामजद तथा दो अज्ञात लोगों ने एकराय होकर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उसके सिर और भौंह पर गंभीर चोटें आईं।
अतुल के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कराया। इसके बाद उसका छोटा भाई पुनीत कुमार, भाभी गीता देवी और करीब 13 वर्षीय भतीजी वंशिका उसे बचाने पहुंचे तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बन गई। देर शाम पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को काबू में किया। पीड़ित ने सोमवार को थाना भरथना में तहरीर देकर नामजद समेत अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



