जानलेवा गड्ढे में गिरी बाइक: दंपती घायल

फ्लाईओवर निर्माण के चलते सर्विस रोड पर जलभराव से नहीं दिखा गड्ढा

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलाजनी गांव के समीप निर्माणाधीन फ्लाईओवर के किनारे सर्विस रोड पर बने जानलेवा गड्ढे में बाइक गिरने से दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद दुकानदारों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसवंतनगर पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

ग्राम जैनपुर नागर निवासी 35 वर्षीय शैलेंद्र कुमार पुत्र छोटे सिंह अपनी 30 वर्षीय पत्नी राखी के साथ बाइक से त्योहार की खरीदारी करने नगर क्षेत्र की ओर आ रहे थे। बुधवार को मलाजनी गांव के सामने पहुंचते ही सर्विस रोड पर पानी से भरा गड्ढा बाइक के पहिए के नीचे आ गया। पानी भरा होने के कारण गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लग सका और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।

हादसे में शैलेंद्र और उनकी पत्नी राखी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के दुकानदारों ने तत्काल दोनों को संभाला और एंबुलेंस बुलाकर सीएचसी भेजा। स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर बने गड्ढों और जलभराव से लगातार हादसे की आशंका जताते हुए संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button