विहिप के नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष अनिल अग्रवाल सांवरिया ने दूधेश्वरनाथ मंदिर में लिया आशीर्वाद

गाजियाबाद। विश्व हिंदू परिषद गाजियाबाद महानगर के नवनियुक्त अध्यक्ष अनिल अग्रवाल सांवरिया ने अपने नए दायित्व के साथ संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए सक्रियता शुरू कर दी है। इसी क्रम में उन्होंने सिद्धपीठ श्री दूधेश्वरनाथ मठ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान दूधेश्वर महादेव के दर्शन-पूजन किए और मंदिर के पीठाधीश्वर एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने अनिल अग्रवाल सांवरिया को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्व हिंदू परिषद का कार्य हिंदू समाज को संगठित, जागरूक और सशक्त बनाने के साथ-साथ सेवा, सामाजिक समरसता, संस्कार और सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण से भी जुड़ा है।

उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सनातन मूल्यों और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना समय की आवश्यकता है। नई पीढ़ी को धर्म, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना तथा समाज में एकता और समरसता की भावना मजबूत करना संगठन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता होनी चाहिए।

श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने विश्वास जताया कि अनिल अग्रवाल सांवरिया अपने नए दायित्व का निष्ठा, सक्रियता और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए गाजियाबाद महानगर में संगठन को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

वहीं अनिल अग्रवाल सांवरिया ने कहा कि वे विश्व हिंदू परिषद द्वारा दिए गए दायित्व को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता और संगठन के माध्यम से हिंदू समाज की एकता एवं उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। साथ ही सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी सक्रिय प्रयास किए जाएंगे।

इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। अनिल अग्रवाल सांवरिया ने भगवान दूधेश्वर महादेव से समाज में सुख, शांति और सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की।

Related Articles

Back to top button