भैया बचा लो मुझे: कोल्डड्रिंक में कुछ पिला दिया है
मरने से पहले वायरल वीडियो में युवक ने लगाया 3 युवकों पर कोल्डड्रिंक में कुछ पिलाने का आरोप: संदिग्ध मौत

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के अपूरपुर गांव में मंगलवार रात संदिग्ध हालात में एक युवक की मौत हो गई। युवक के मोबाइल में मिला वीडियो सामने आने के बाद परिजनों ने गांव के तीन युवकों पर कोल्डड्रिंक में कुछ मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है। वीडियो में युवक अपनी तबीयत बिगड़ने की बात कहते हुए भाई से बचाने की गुहार लगाता सुनाई दे रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अपूरपुर गांव निवासी पृथ्वीराज तोमर ने बताया कि उनका छोटा भाई अनुराग तोमर 25 मंगलवार रात खाना खाने के बाद खेत पर गया था। देर रात अनुराग ने फोन कर बताया कि उसकी तबीयत अचानक खराब हो रही है। उसने आरोप लगाया कि गांव के तीन लोगों ने कोल्डड्रिंक में कुछ मिलाकर उसे पिला दिया है।
जानकारी मिलने पर पृथ्वीराज अपनी बहन शिवानी के साथ खेत पर पहुंचे और अनुराग को लेकर जिला अस्पताल आए। जिला अस्पताल में हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर सैफई जा रहे थे,तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।पृथ्वीराज के अनुसार अनुराग के मोबाइल में एक वीडियो मिला है,जिसे उसने मौत से कुछ समय पहले बनाया था।
अंधेरा होने के कारण वीडियो में कुछ दिखाई नहीं दे रहा है, लेकिन अनुराग की आवाज स्पष्ट सुनाई दे रही है। वीडियो में वह तीन युवकों के नाम लेते हुए कह रहा है कि इन लोगों ने कोल्डड्रिंक में कुछ मिलाकर उसे पिला दिया है और उसकी तबीयत बिगड़ रही है। वह अपने भाई से कह रहा है, टीटू भैया,बचा लो मुझे। भाई ने पुरानी रंजिश के चलते अनुराग को जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या करने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



