नशा मुक्त युवा अभियान में छात्रों का शानदार प्रदर्शन
नुक्कड़ नाटक में कविता ने पहला स्थान,स्लोगन लेखन में छात्रों ने मारी बाजी

जसवंतनगर,इटावा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय,भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ के तत्वावधान में आयोजित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें चौ. सुघर सिंह नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर शानदार प्रदर्शन किया।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में कॉलेज के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
इसी क्रम में तृप्ति ने कविता प्रतियोगिता में प्रथम, शिवा यादव ने स्लोगन लेखन में प्रथम तथा गोपाल सिंह ने स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल रहा।
संस्था के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव और निदेशक डॉ. रीमा मंडल ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं की जागरूकता, रचनात्मकता और सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
प्रबंध निदेशक और निदेशक ने इस उपलब्धि के लिए समस्त स्टाफ को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने और उनका मार्गदर्शन करने में शिक्षकों एवं स्टाफ का निरंतर सहयोग महत्वपूर्ण है।
विद्यार्थियों की सफलता ने संस्थान का गौरव बढ़ाने के साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया l



