सैनिक समाज सेवा संगठन ने नए पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

रायबरेली। सैनिक समाज सेवा संगठन द्वारा उत्तर प्रदेश सहित पूरे भारत में संगठन के विस्तार का कार्य निरंतर किया जा रहा है। कम समय में ही संगठन ने अपनी एक अलग पहचान स्थापित की है।
संगठन के विस्तार को गति देते हुए सैनिक समाज सेवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट जय सिंह यादव (फौजी) ने कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपीं। इसके अंतर्गत फौजी कन्हैयालाल मौर्य को ब्लॉक अध्यक्ष डलमऊ से पदोन्नत कर जिला अध्यक्ष, रायबरेली नियुक्त किया गया। इसी प्रकार फौजी रंजीत बहादुर को नगर अध्यक्ष, फौजी बृजभान को नगर उपाध्यक्ष, फौजी राज बहादुर को ब्लॉक अध्यक्ष, डलमऊ तथा फौजी प्रेमचंद को ब्लॉक अध्यक्ष, ऊंचाहार की जिम्मेदारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट जय सिंह यादव (फौजी) ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सभी पदाधिकारी संगठन के संविधान एवं विधि-विधान का पालन करते हुए निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ समाजहित में कार्य करेंगे।
नवनियुक्त पदाधिकारियों के चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजमोहन, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार, राष्ट्रीय महासचिव राजेश कुमार, जिला महासचिव कैप्टन दल बहादुर यादव, जिला महासचिव रायबरेली फौजी देश कुमार यादव, जिला सचिव फौजी अंबेश चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष ऊंचाहार श्री राम मौर्य, महिला जिला अध्यक्ष सुभाषिनी सिंह सहित संगठन के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



