दबंगों ने कृषि भूमि पर पुनः कब्जा करने का किया प्रयास
डीएम के आदेश पर प्रशासन ने नौ दिन पूर्व सीमांकन कर दबंगों से भूमि कराई थी कब्जा मुक्त

चौबिया,इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र अन्तर्गत दबंग भू-माफियाओं के हौसले इतने बुलन्द है,कि कानून को ठेंगा दिखाते हुए दबंगों ने नौ दिन पूर्व विगत 25 जून को जिला अधिकारी के आदेश पर स्थानीय थाना पुलिस प्रशासन और दर्जनों ग्रामीणों की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने पुष्पा देवी पत्नी सुमित कुमार निवासी रम्पुरा मौजा मूज थाना चौबिया को आवंटित गाटा संख्या 1001 मि.में छह बीघा कृषि भूमि पर स्थानीय दबंग भू-माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराकर सीमांकन कर भूमि स्वामिनी को सौंपी गई भूमि पर दबंगों ने बीती रात्रि ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर पुनः कब्जा करने का प्रयास किया है।
जिसके सम्बन्ध में पीड़िता भूमि स्वामिनी पुष्पा देवी ने शनिवार को जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंप कर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता पुष्पा देवी ने बताया कि भूमिहीन होने के कारण जीवन यापन और परिवार के भरण पोषण हेतु वर्षों पूर्व सरकार ने उसके नाम गाटा संख्या 1001 मि.में मात्र छह बीघा कृषि भूमि का आवंटन किया था। लेकिन स्थानीय दबंग भू- माफियाओं द्वारा उसको आवंटित गाटा संख्या 1001 मि. में छह बीघा भूमि पर शुरू से कब्जा जमाए हुए थे। पीड़िता पुष्पा देवी के अनुसार उसके द्वारा शासन प्रशासन से लगातार न्याय की गुहार लगाई जाती रही,जिसपर शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी के आदेश पर दर्जनों ग्रामीणों की मौजूदगी में स्थानीय प्रशासन के अधिकारी कानूनगो और लेखपाल रविन्द्र यादव,भीम सिंह, उपनिरीक्षक रामचंद्र, का.देवेश कुमार आदि ने विगत 25 जून को दबंगों के कब्जे से उक्त भूमि को कब्जा मुक्त करा कर गाटा संख्या 1001 मि. में पीड़िता पुष्पा देवी को बर्षो से आवंटित छह बीघा भूमि का सीमांकन करा दिया गया था।
लेकिन दबंग भू-माफियाओं ने शासन प्रशासन के आदेश को ठेंगा दिखा कर कानून को तक पर रख उक्त भूमि पर रात के अंधेरे में ट्रैक्टर चलाकर जुताई कर डाली और अधिकारियों द्वारा किए गए सीमांकन के निशान नष्ट कर दिए।
उधर अधिकारियों ने पीड़िता के शिकायती प्रार्थना पत्र की जांच कर दबंगों के विरुद्ध कार्रवाई कर पीड़िता को उसकी आवंटित भूमि पर मजबूती से कब्जा करने के निर्देश दिए है।



