तहसील में गश खाकर गिरे सेवानिवृत्त सैनिक की मौत

तहसीलदार-नायब तहसीलदार ने इलाज को पहुंचाया अस्पताल

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर तहसील कार्यालय में सोमवार को करीब दोपहर तहसील परिसर पहुंचे नगर के मोहल्ला रेलमंडी निवासी 68 वर्षीय सेवानिवृत्त सैनिक इंद्रपाल सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वह अपने शस्त्र के रिन्यूवल संबंधी कार्य के लिए तहसील आये थे। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई।सोमवार दोपहर के करीब नगर के रहने वाले इंद्रपाल सिंह अपने नाती कृष्णा के साथ तहसील में एक वकील के बस्ते पर अपने शस्त्र से संबंधित कार्य हेतु पहुंचे। इसी दौरान भीषण गर्मी के बीच अचानक उन्हें चक्कर आया और वह गश खाकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही तहसीलदार अभिजीत गौरव और नायब तहसीलदार नेहा सचान मौके पर पहुंचे और दोनों अधिकारियों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए अपनी सरकारी गाड़ी से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यही नहीं दोनों अधिकारी भी उनके पीछे-पीछे अस्पताल पहुंचे। वहाँ केंद्र अधीक्षक डॉ वीरेंद्र व डॉ.विकास अग्निहोत्री ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रिटायर्ड सैनिक इंद्रपाल सिंह की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। मृतक अपने पीछे पत्नी रामकांति,बड़े पुत्र अखिलेश कुमार,छोटे पुत्र मुकेश कुमार तथा विवाहित पुत्री उमा को छोड़ गए हैं।परिजनों ने बताया कि इंद्रपाल सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे और क्षेत्र में एक सम्मानित व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनके पुत्र अखिलेश कुमार ने बताया कि उनके पिता अस्थमा की बीमारी से पीड़ित थे। प्रारंभिक तौर पर हृदय गति रुकने को मौत का कारण माना जा रहा है। अस्पताल की सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सेवानिवृत्त सैनिक के निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

सीमेंट गोदाम का टीन शेड हुआ ध्वस्त

इटावा। बीते दिनों जिले में आई तेज आंधी तूफान की तबाही ने बसरेहर रोड स्थित एमपी बिल्डर्स सीमेंट गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया जिससे गोदाम पर लगी टीन शेड तेज हवा के दबाव में उखड़कर ध्वस्त हो गई। गोदाम के मालिक राहुल गुप्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि तेज आंधी तूफान के कारण क्षतिग्रस्त हुई टीन शेड से गोदाम को भारी नुकसान हुआ है।

Related Articles

Back to top button