प्रमोशन पाकर बने IAS, पर सोच ‘घटिया’! जज के फर्जी साइन करने वाला अधिकारी अब आरक्षण पर दे रहा ज्ञान

मध्य प्रदेश के रंगीन मिजाज IAS अधिकारी संतोष वर्मा एक बार फिर विवादों में घिर चुके हैं। उन्होंने बेहूदा एवं शर्मनाक बयान देकर ब्राह्मण समाज को नाराज कर दिया है। सरकार पर उनके खिलाफ एक्शन लेने का दबाव बढ़ रहा है। वर्मा पर जल्द कानूनी कार्रवाई होना संभव है। अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी और कर्मचारी संघ (अजाक्स) मप्र के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संतोष वर्मा की पर्सनल लाइफ शुरू से विवादित रही है। रंगीन मिजाजी से जुड़े उनके कारनामों की फेहरिस्त काफी लंबी है। ऐसे में जिस व्यक्ति का चरित्र उज्जवल न रहा हो, उससे अच्छे विचारों की उम्मीद करना बेमानी है।
दरअसल एक कार्यक्रम के दौरान संतोष वर्मा ने कहा कि उन्हें अपने बेटे के लिए ब्राह्मण बहू चाहिए, ये जब तक नहीं मिलती है, तब तक इन्हें आरक्षण का लाभ मिलते रहना चाहिए। वर्मा का यह बयान बेशर्मी की पराकाष्ठा कहा जाएगा। देश में आरक्षण पर अक्सर सियासत होती रही है। आरक्षण आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर व्यक्तियों के लिए दिया जाता है, मगर आर्थिक रूप से संपन्न परिवार भी आरक्षण का लाभ पाने को उतावले रहते हैं। इनमें वह आईएएस तथा आईपीएस अधिकारी भी शामिल होते हैं, जिन्हें सर्विस के दौरान वीआईपी सुविधाएं मिलती हैं।
प्रमोशन पाकर बने IAS
संतोष वर्मा की सोच न सिर्फ घटिया है बल्कि IAS जैसे प्रतिष्ठित पद की गरिमा का भी अपमान करती है। इससे ब्राह्मण समाज के प्रति उनकी दूषित मानसिकता का पता चलता है। वह प्रमोशन पाकर आईएएस बने हैं। समाज में अच्छे एवं बुरे इंसान की पहचान उसकी सोच से होती है। कोई पद, प्रतिष्ठा व अकूत दौलत पाकर भी अपनी सोच को नहीं सुधार पाता। जबकि कोई व्यक्ति निर्धन एवं संघर्षशील होने के बावजूद अच्छी सोच को नहीं छोड़ता है। आईएएस संतोष वर्मा की सोच उनके व्यक्तित्व से मेल खाती है।
चुनाव आयोग की SIR मुहिम, ले रही है BLO की जान; जानें कितना है वर्कलोड
मध्य प्रदेश के सरकारी और सियासी गलियारों में उनके कारनामों की चर्चाएं अक्सर होती रही हैं। संतोष जैसे व्यक्तियों के दागी चरित्र को जानने के बाद कोई भी सभ्य एवं समझदार व्यक्ति उनके साथ रिश्तेदारी जोड़ने को कभी तैयार नहीं हो सकता है। आईएएस पद पर प्रोन्नति पाने की लालसा में उन्होंने जज के फर्जी साइन तक कर लिए थे। भेद खुलने पर उन्हें जेल की हवा खानी पड़ी थी। सांख्यिकी अधिकारी रहते समय उन्होंने नौकरानी को प्रेमजाल में फंसाकर यौन शोषण किया था।
संतोष वर्मा के कई और किस्से
नौकरानी के अलावा फीमेल एलआईसी एजेंट के साथ भी उन्होंने चक्कर चलाकर शादी कर ली थी। संतोष वर्मा के कई और किस्से हैं। मप्र में आईएएस अधिकारी के शर्मनाक बयान की कांग्रेस ने तीखी आलोचना की है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता स्वदेश शर्मा ने उनके बयान को जहरीला और कटुता बढ़ाने वाला बताया है। कांग्रेस ने सरकार से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, मंत्रालय सेवा अधिकारी एवं कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक ने आईएएस संतोष वर्मा पर जुबानी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बेटी कोई वस्तु नहीं, जो दान की जाए। सरकार को आईएएस आचरण नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई करनी चाहिए। मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार है। सरकार का नेतृत्व मोहन यादव कर रहे हैं। मुख्यमंत्री पर इस प्रकरण में कार्रवाई के लिए विभिन्न संगठनों ने दबाव डालना आरंभ कर दिया है। उधर, खुद को घिरता देख आईएएस संतोष वर्मा बैकफुट पर आ गए हैं। शर्मनाक बयान के लिए माफी मांगकर वह अपना बचाव करने में लगे हैं।



