नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा यूनिटी मार्च में हुए शामिल

सामाजिक एकता और भाईचारे का दिया संदेश

मऊ राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने मऊ में आयोजित यूनिटी मार्च में उत्साहपूर्वक सहभाग किया। सरदार पटेल की जयंती को ध्यान में रखते हुए यह मार्च गालिबपुर स्थित किंग्स इडेन स्कूल से बरहदपुर कुटी तक निकाला गया। मार्च में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

यूनिटी मार्च के दौरान राष्ट्रभक्ति के नारे, एकता के संदेश और देश के प्रति समर्पण की भावना दिखाई दी। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।

मार्च के समाप्त होने के बाद अपने संबोधन में मंत्री शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारत के ऐसे महानायक थे, जिन्होंने देश की एकता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि आज़ादी के समय भारत में 565 रियासतें थीं, जो अलग-अलग दिशा में जा सकती थीं, लेकिन सरदार पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प, कुशल रणनीति और उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता से सभी रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित किया।

मंत्री शर्मा ने सरदार पटेल को राष्ट्रीय एकता का आधार स्तंभ बताते हुए सभी नागरिकों से आह्वान किया कि देश की एकता और अखंडता को हमेशा सर्वोपरि रखें। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश को जो दिशा दी, उसी के कारण आज भारत मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने समाज में प्रेम, भाईचारा, सहयोग और सद्भाव बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि जब हम एक-दूसरे का साथ देते हैं, तब राष्ट्र मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक, समाज के विभिन्न वर्ग और युवा मिलकर यदि एकजुट होकर कार्य करें, तो सरदार पटेल के सपनों का सशक्त भारत बनाना संभव है।

कार्यक्रम में शामिल बड़ी संख्या में लोगों ने मंत्री के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए अपने कर्तव्यों को निभाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button